
1 दिसंबर से शुरू होगा वजन त्यौहार, 0 से 6 साल तक के बच्चों का होगा वजन
जांजगीर-चांपा। जिले में बच्चों के पोषण स्तर की जांच और कुपोषण की स्थिति का पता लगाने के लिए 1 दिसंबर से 14 दिसंबर 2026 तक वजन त्यौहार आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले के 0 से 6 वर्ष तक के सभी बच्चों का वजन किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हर आंगनबाड़ी केंद्र में होगा बच्चों का वजन
बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अनिता अग्रवाल ने बताया कि वजन त्यौहार के लिए विकासखंड स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके तहत प्रतिदिन 3 से 5 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का वजन किया जाएगा।
किशोरी बालिकाओं की होगी एनीमिया जांच
वजन त्यौहार के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा किशोरी बालिकाओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण भी किया जाएगा। इससे उनमें खून की कमी यानी एनीमिया की स्थिति का पता लगाया जा सकेगा। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को दीवार लेखन सहित अन्य गतिविधियां करने के निर्देश दिए गए हैं।
रेडी टू ईट पोषण आहार के उपयोग पर जोर
कलेक्टर ने पूरक पोषण आहार योजना के तहत मिलने वाली रेडी टू ईट खाद्य सामग्री के उपयोग को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने को कहा। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों के हितग्राहियों को इस सामग्री का नियमित उपयोग करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने परियोजना अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को रेडी टू ईट सामग्री शत-प्रतिशत उपलब्ध हो और उसका सही तरीके से उपयोग भी सुनिश्चित किया जाए।
जोन और क्लस्टर बनाकर होगी निगरानी
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने-अपने अनुभाग में परियोजनाओं को जोन और क्लस्टर में विभाजित कर जोनल अधिकारियों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। साथ ही क्लस्टरवार तिथि निर्धारित कर वजन त्यौहार की तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने को कहा।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार आपसी समन्वय से काम करने और अभियान का सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, आर.के. तम्बोली, प्रमोद गुप्ता, स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



