
पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश का कथित ऑडियो वायरल, अवैध रेत कारोबार में कलेक्टर–एसडीएम तक का नाम
जांजगीर-चांपा। पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक शेषराज हरबंश का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के बदले बड़े पैमाने पर रुपये बाँटने की चर्चा सामने आई है। बातचीत में कलेक्टर और एसडीएम तक को पैसे देने का उल्लेख किया गया है। हालांकि इस ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके वायरल होने से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
अवैध रेत कारोबार का नेटवर्क उजागर?
महानदी और हसदेव नदी से लगातार अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही हैं। इसी बीच वायरल ऑडियो में विधायक शेषराज हरबंश और रोशन नामक युवक के बीच बातचीत सुनाई देती है। कथित तौर पर इसमें हर महीने 10 लाख रुपये देने की बात कही गई है, जिसमें 3 लाख कलेक्टर, 2 लाख एसडीएम और 5 लाख विधायक के हिस्से में बताए गए हैं।
पैसों के बंटवारे का जिक्र
ऑडियो में रघुवेन्द्र नाम के एक व्यक्ति का भी उल्लेख है। बातचीत के दौरान विधायक खुद युवक को 1 लाख रुपये देने की बात कहते हैं। ऑडियो अलग-अलग दिनों की कई क्लिप्स से बना बताया जा रहा है, जिससे यह संकेत मिलता है कि यह कोई एक दिन का सौदा नहीं बल्कि लगातार चल रही डील का हिस्सा है।
बदनाम करने की साजिश : विधायक
वायरल ऑडियो पर सफाई देते हुए विधायक शेषराज हरबंश ने इसे पुराना बताते हुए कहा कि दिसंबर 2024 में कुछ युवकों की गाड़ियाँ अवैध रेत कारोबार में पकड़ी गई थीं, जिन्हें छुड़ाने के लिए यह बातचीत हुई थी। उनका कहना है कि अब उसी पुराने ऑडियो को वायरल कर उन्हें बदनाम करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध जमीन कब्जा करने वाले कुछ युवक नाराज़ होकर उन्हें घेरने के लिए यह करतूत कर रहे हैं।
गंभीर सवालों के घेरे में राजनीति और प्रशासन
कथित ऑडियो में जिस तरह अफसरों और विधायक तक को रकम बाँटे जाने की चर्चा है, उसने जिले की राजनीति और प्रशासन की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होती है या नहीं, और वायरल ऑडियो में सामने आए आरोपों की हकीकत आखिर कब सामने आएगी।


