बिलासपुर 23 सितंबर 2020। शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए इसके नियंत्रण व मरीजो के बेहतर उपचार व्यवस्था सहित अन्य कई विषयों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ विधायक शैलेश पांडेय की अध्यक्षता में बैठक आज सम्पन्न हुआ।
जिला चिकित्सालय के मातृ एवं शिशु चिकित्सा हॉस्पिटल में आज विधायक शैलेश पांडेय की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में कोरोना के नियंत्रण एवं मरीज़ो के बेहतर इलाज व्यवस्थाओं सहित वर्तमान स्वास्थ सेवाओ के तमाम पहलुओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
इस बैठक में विधायक ने वर्तमान स्वास्थ व्यवस्था व प्रबंधन में हो रही लगातार लापरवाही को लेकर जमकर नाराजगी जताई और अधिकारियों को व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने को कहा । निजी अस्पतालों पर लगने वाले आरोपों और शिकायतों का हवाला देते हुए अधिकारियों को फटकार भी लगाई। बैठक में निजी अस्पतालों का निरीक्षण करने के लिए 4 सदस्यीय टीम भी गठित किया गया ।
इस अवसर पर उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि निजी हॉस्पिटल पर जो मनमानी का आरोप लग रहे है। उसे गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों की एक बड़ी टीम तत्काल तैयार की जाये। जो निजी अस्पतालो में जाकर निरीक्षण करेगी। इस टीम के पास विशेष किट होगा। जो निजी अस्पतालो में जाकर जांच करेगी। साथ ही यह तय करेगी कि जिन सुविधाओं पर उन मरीज को रखा गया है वह वास्तव में सही है या नहीं या किसी गलत उपचार के कारण मरीजों को लूटा तो नहीं जा रहा है। इसकी रिपोर्ट दी जाए, जिसे शासन को भेजा जाएगा। इस आधार पर ऐसे निजी हॉस्पिटल पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी मरीज जिन भी परिस्थितियों में आए उसे तत्काल सुविधा देकर उपचार शुरू किया जाए । किसी प्रकार की लापरवाही, आनाकानी और टाल मटोल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक ने यह भी निर्देशित किया है कि सभी मरीजों का डाटा तैयार करें कि कौन-कौन से मरीज किन-किन स्थितियों में आए थे और उनकी वर्तमान स्थिति क्या है । नवजात शिशु जिला अस्पताल में जल्द ही गायनिक महिला चिकित्सक नियुक्त करने के लिए भी निर्देशित किया है ताकि महिलाओं का उपचार और डिलीवरी भी यहां की जा सके। बैठक ने इस बात पर भी चर्चा की गई की एन. एच. एम. के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इसके कारण कर्मचारियों की कमी है इस पर विधायक ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल खत्म करने को लेकर शासन से चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर चिकित्सकों ने अपने सुझाव भी सामने रखें।
उक्त बैठक में सीएमएचओ डॉ प्रमोद महाजन, सिम्स डीन पी के महापात्रा, सिम्स कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. आरती पांडेय, कोविड हॉस्पिटल के नोडल अधिकारी डॉ.अनिल गुप्ता, सिम्स एमएस पुनीत भारद्वाज, डिप्टी एमएस डॉ.विवेक शर्मा, डॉ सुजीत नायक, डॉ राकेश निगम, डॉ सेफली कुमावत, डॉ प्रदीप शुक्ला ,(आयुर्वेदिक हॉस्पिटल) विजय सिंह (नेत्र सहायक अधिकारी) एवं स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारीगण उपस्थित रहें।