
खाद वितरण में गड़बड़ी: गनियारी और तखतपुर की दो दुकानों पर 21 दिन की रोक
बिलासपुर, 10 अप्रैल 2026/ जिले के तखतपुर विकासखंड में खाद वितरण में अनियमितताओं के मामले सामने आने के बाद कृषि विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। गनियारी और तखतपुर में संचालित दो खाद दुकानों पर 21 दिनों के लिए बिक्री प्रतिबंध लगा दिया गया है।
कृषि विभाग की जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में स्टॉक और मशीन रिकॉर्ड में भारी अंतर पाया गया। टीम ने मेसर्स किसान सेवा केंद्र, तखतपुर और मेसर्स अमन कृषि केंद्र, गनियारी का निरीक्षण किया, जहां कई गंभीर गड़बड़ियां उजागर हुईं।
उप संचालक कृषि पीढ़ी हथेश्वर के अनुसार, किसान सेवा केंद्र तखतपुर में मशीन रिकॉर्ड में 750 बोरी यूरिया दर्ज थी, जबकि मौके पर केवल 550 बोरी ही मिली। इसके अलावा 200 बोरी यूरिया बिना दर्ज किए रखी गई थी। वहीं गनियारी स्थित अमन कृषि केंद्र में मशीन रिकॉर्ड में 1679 बोरी यूरिया दर्ज थी, लेकिन भौतिक स्टॉक मौके पर नहीं मिला।
जांच के दौरान दोनों दुकानों में उर्वरक भंडारण एवं वितरण से संबंधित आवश्यक रजिस्टर भी संधारित नहीं पाए गए, जो उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 का उल्लंघन है।
प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर दोनों दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 21 दिनों के लिए खाद विक्रय पर रोक लगा दी गई है।
उप संचालक कृषि ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक कृषि दिव्या गौतम, प्रभारी आर.एल. पैकरा, उर्वरक निरीक्षक खुशबू साहू एवं उषा ध्रुव, तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी नरेश चंदेल मौजूद रहे।



