
कलेक्टर के निर्देश पर अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई
जांजगीर-चांपा, 10 अप्रैल 2026/ कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दल ने ग्राम नवापारा में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान स्थल पर बड़े पैमाने पर अवैध रेत भंडारण पाए जाने पर प्रकरण दर्ज किया गया। साथ ही नदी किनारे डंप लगभग 200 ट्रैक्टर रेत को मौके पर ही वापस नदी में डलवाया गया, जिससे अवैध भंडारण को समाप्त किया जा सके।
कार्रवाई के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त 2 हाईवा वाहनों को भी जब्त किया गया, जिन्हें सुरक्षार्थ पुलिस लाइन में रखा गया है।
जिला खनि अधिकारी ने बताया कि दर्ज प्रकरण में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23 (ख) के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।



