
छत्तीसगढ़ के धमतरी में होम आइसोलेशन में रखे गए एक युवक की लाश पेड़ पर लटकी मिली. युवक 20 मार्च को तमिलनाडु से लौटा था

धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी में सोमवार को एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। युवक 20 मार्च को तमिलनाडु से लौटा था और होम आइसोलेशन में था। घर से परिजनों को घूमने निकलने की बात कहकर निकला था और फिर सुबह पेड़ से लटका हुआ उसका शव मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस का कहना है कि युवक अपनी पत्नी की मौत के बाद से दुखी था। घटना सिहावा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, सिहावा के ग्राम टांगापानी निवासी गनपत मरकाम (35) पुत्र सरगाम मकराम बोरवेल का काम करता था। अन्य प्रदेश से आने के कारण कोरोना के चलते शासन के निर्देशानुसार, स्वास्थ्य विभाग ने उसे होम आइसोलेशन में रहने के लिए कहा। इस दौरान उसकी नियमित सुबह 8 बजे जांच भी होती थी। उसे सर्दी, खांसी, बुखार के कोई लक्षण नहीं थे।
इसी बीच गनपत की लाश सोमवार सुबह गांव के तालाब के पास पेड़ में लटकी मिली। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस काे सूचना दी। पुलिस ने बताया कि पत्नी की मृत्यु के बाद से गनपत काफी गुमसुम रहता था और शराब का सेवन भी करता था। उसकी पत्नी की करीब एक साल पहले मौत हो गई थी।



