
नहर किनारे मिली रायपुर की युवती की सड़ी – गली लाश, जांच में आए नए मोड़,,,
गरियाबंद। राजिम थाना क्षेत्र के श्यामनगर-देवरी मार्ग स्थित नहर किनारे मिली रायपुर की युवती चंचल साहू (आयु 25 वर्ष) की सड़ी-गली लाश के मामले में जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस घटना को श्यामनगर के ग्राम धूमा निवासी 28 वर्षीय सुमन नागरची की संदिग्ध मौत से जोड़ा जा रहा है। दोनों घटनाओं के बीच संबंध होने की चर्चा तेज है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी 2026 की सुबह धूमा गांव में सुमन नागरची का शव उसके घर की बाड़ी में पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने बताया कि उसे 1 फरवरी की देर रात तक देखा गया था। सुबह जब वह घर में नहीं दिखा तो तलाश की गई, जिसके बाद शव बाड़ी में फांसी के फंदे पर मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
सुमन शादीशुदा था, लेकिन पत्नी के छोड़कर चले जाने के बाद वह रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संतोषी नगर में अपने मामा के घर रहकर पिकअप ड्राइवर का काम करता था। परिजनों ने बताया कि वह सामान्य व्यवहार कर रहा था और किसी गंभीर तनाव की जानकारी उन्हें नहीं थी। इधर, रायपुर के टिकरापारा निवासी चंचल साहू 30 जनवरी से लापता थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में उसका शव गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र के नहर किनारे झाड़ियों में मिला। शव की स्थिति काफी खराब थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि चंचल और सुमन के बीच प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि सुमन चंचल के पड़ोस में रहता था और दोनों एक-दूसरे को जानते थे। हालांकि पुलिस ने प्रेम प्रसंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इसी एंगल से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



