
06 अत्याधुनिक 108 संजीवनी एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
जांजगीर-चांपा, 01 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिला चिकित्सालय जांजगीर से पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े एवं जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता मिरी द्वारा आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित 06 एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिता श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि इन एम्बुलेंसों में मरीजों को मौके पर ही प्राथमिक एवं उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ईसीजी मॉनिटर, ग्लूकोमीटर जैसी जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके साथ ही ऑक्सीजन सपोर्ट, नेब्युलाईजेशन तथा अन्य आपातकालीन उपचार की समुचित व्यवस्था भी की गई है।
गंभीर मरीजों के सुरक्षित स्थानांतरण के लिए एम्बुलेंस में पोर्टेबल वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर मॉनिटर, सिरिंज पंप, लैरिंजोस्कोप सहित अन्य अत्याधुनिक उपकरण भी लगाए गए हैं। इनमें 05 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एवं 01 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि शासन से प्राप्त इन नवीन 108 एम्बुलेंस वाहनों को अब जनसेवा के लिए प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एस. कूजूर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) उत्कर्ष तिवारी, अस्पताल प्रबंधक अंकित ताम्रकार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



