
संवेदनशील नेतृत्व की मिसाल: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिव्यांग चंदूलाल की सुनी पुकार, मिनटों में मिला समाधान
रायपुर, 30 मार्च 2026/ कभी-कभी एक छोटा सा निर्णय किसी की पूरी जिंदगी बदल देता है। ऐसा ही एक भावुक पल आज चंदखुरी में देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक दिव्यांग ग्रामीण की बात सुनी और तुरंत उसकी मदद कर इंसानियत की मिसाल पेश की।
चंदखुरी के रहने वाले चंदूलाल वर्मा के लिए यह दिन किसी सपने से कम नहीं था। वे उम्मीद लेकर कायस्थ मंगल भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे थे, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि उनकी मुलाकात सीधे मुख्यमंत्री से हो जाएगी।
कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब वे आगे बढ़े, तो सुरक्षा कारणों से उन्हें रोक दिया गया। तभी मुख्यमंत्री की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने तुरंत सुरक्षाकर्मियों से कहा कि चंदूलाल को मंच पर बुलाया जाए। बस, यहीं से उनकी जिंदगी में बदलाव की शुरुआत हो गई।
मुख्यमंत्री से मिलते ही चंदूलाल ने अपनी परेशानी बताई। उन्होंने कहा कि वे पहले राजमिस्त्री का काम करते थे, लेकिन शुगर और डायबिटिक फुट की बीमारी के कारण अब चलना-फिरना मुश्किल हो गया है। काम छूट गया है और आर्थिक हालत भी कमजोर हो गई है। ऐसे में उन्हें एक बैटरी से चलने वाली ट्राईसिकल की जरूरत थी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूरी संवेदनशीलता के साथ उनकी बात सुनी और तुरंत मदद का भरोसा दिया। उन्होंने मौके पर ही सहायता राशि देने के साथ अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द चंदूलाल को मोटराइज्ड ट्राईसिकल उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देश का असर भी तुरंत दिखा। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतीक बैस ने प्रक्रिया पूरी कर चंदूलाल को ट्राईसिकल दिलवा दी।
ट्राईसिकल मिलते ही चंदूलाल भावुक हो गए। उनकी आंखों में खुशी के आंसू थे। उन्होंने कहा,
“मैंने सोचा भी नहीं था कि मुख्यमंत्री मुझसे मिलेंगे और मेरी मदद इतनी जल्दी हो जाएगी। मैं उनका दिल से धन्यवाद करता हूं… धन्यवाद विष्णु भैया।”
यह सिर्फ एक व्यक्ति की मदद की कहानी नहीं है, बल्कि यह उस संवेदनशील शासन की झलक है, जहां हर जरूरतमंद की आवाज सुनी जाती है और उसका समाधान भी तुरंत किया जाता है।



