
डिजिटल सुविधा से बदला जशपुर का चेहरा: घर बैठे टैक्स भुगतान अब आसान
रायपुर, 29 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर नगर पालिका क्षेत्र में अब टैक्स जमा करने के लिए लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘डिजिटल डोर सुविधा’ का शुभारंभ कर नागरिकों को एक बड़ी राहत दी है।
इस नई पहल के तहत अब लोग अपने घर पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर आसानी से जल कर, संपत्ति कर और दुकान कर का भुगतान कर सकते हैं। यह सुविधा HDFC Bank के सहयोग से शुरू की गई है, जिसने हर घर के लिए अलग-अलग क्यूआर कोड तैयार किया है।
क्यूआर कोड में मकान मालिक का नाम, मकान नंबर, मोबाइल नंबर और बकाया टैक्स की पूरी जानकारी उपलब्ध रहती है। नागरिक इसे स्कैन कर अपने देय राशि की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या अन्य डिजिटल माध्यमों से तुरंत भुगतान कर सकते हैं। भुगतान के बाद उन्हें तुरंत डिजिटल रसीद भी मिल जाती है।
नगर पालिका जशपुर में लागू यह प्रॉपर्टी टैक्स इंफॉर्मेशन सिस्टम आधुनिक तकनीक पर आधारित है, जिसमें करीब 4600 घरों को शामिल किया गया है। इसमें आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक संपत्तियां भी शामिल हैं।
इस पहल से न केवल लोगों का समय और मेहनत बचेगी, बल्कि नगर पालिका के कामकाज में पारदर्शिता और तेजी भी आएगी। डिजिटल भुगतान प्रणाली से राजस्व संग्रहण मजबूत होगा और नगरीय प्रशासन को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर रोहित व्यास समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।



