
अंबिकापुर को मिली बड़ी सौगात: 30 मार्च से दिल्ली-कोलकाता के लिए हवाई सेवा शुरू
रायपुर, 29 मार्च 2026। उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के लिए 30 मार्च का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। माँ महामाया एयरपोर्ट दरिमा से देश के प्रमुख महानगर दिल्ली और कोलकाता के लिए नियमित हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। इस सेवा का वर्चुअल शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 30 मार्च को सुबह 10 बजे रायपुर से करेंगे।
इस मौके पर अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
नई हवाई सेवा के तहत एलायंस एयर द्वारा 72-सीटर एटीआर विमान संचालित किया जाएगा। दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन (सोमवार और बुधवार) उड़ानें रहेंगी, जबकि कोलकाता के लिए भी सप्ताह में दो दिन (गुरुवार और शनिवार) फ्लाइट उपलब्ध होगी। यात्रियों को आने-जाने दोनों दिशाओं में सुविधा मिलेगी, साथ ही बिलासपुर की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
इस नई सेवा से सरगुजा संभाग सीधे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और पूर्वी भारत के बड़े व्यापारिक केंद्र कोलकाता से जुड़ जाएगा। इससे व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार मिलेगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मैनपाट, तातापानी और आसपास के जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों की पहुंच आसान हो जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी, क्योंकि गंभीर मरीजों को अब बड़े शहरों में इलाज के लिए तेजी से पहुंचाया जा सकेगा।
गौरतलब है कि माँ महामाया एयरपोर्ट का विकास केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के तहत किया गया है। पुराने एयरस्ट्रिप को विकसित कर रनवे को 1500 मीटर से बढ़ाकर 1800 मीटर किया गया है, जिससे अब एटीआर जैसे विमान यहां उतर सकते हैं। लगभग 365 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट में आधुनिक टर्मिनल, पार्किंग और फोरलेन सड़क जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
यह हवाई सेवा न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी, बल्कि सरगुजा के समग्र विकास को भी नई गति देगी।



