
बेटियों के सम्मान का संकल्प: 240 नवविवाहित जोड़ों को मुख्यमंत्री ने दिया आशीर्वाद
GLOBAL36GARH NEWS/रायपुर/जशपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के रणजीता स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होकर 240 नवविवाहित जोड़ों को सुखद दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। इस भव्य आयोजन में पारंपरिक रीति-रिवाज, वैदिक मंत्रोच्चार और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं विवाह मंडप में पहुंचे और नवदंपतियों से मिलकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर बेटी के उज्ज्वल, सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
गरीब परिवारों के लिए सहारा बनी योजना
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता देकर माता-पिता के बोझ को कम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन न केवल फिजूल खर्ची पर रोक लगाते हैं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारा और समरसता को भी मजबूत करते हैं।
प्रत्येक जोड़े को 50 हजार की सहायता
इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को कुल 50 हजार रुपए की सहायता प्रदान की जाती है, जिसमें—
₹35,000 सीधे चेक के माध्यम से
₹7,000 की वैवाहिक सामग्री
₹8,000 आयोजन व्यय
मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान नवदंपतियों को 35 हजार रुपए के चेक वितरित किए।
वैदिक रीति से सम्पन्न हुआ विवाह
कार्यक्रम में गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी विवाह विधिवत सम्पन्न कराए गए। नवदंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र एवं उपहार सामग्री भी प्रदान की गई।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं और योजना की सराहना की। कार्यक्रम सामाजिक समरसता और जनकल्याण की भावना का प्रतीक बनकर उभरा।



