
खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स: केरल की एथलेटिक्स टीम पहुंची जगदलपुर, पारंपरिक लोकनृत्य से हुआ भव्य स्वागत
रायपुर, 27 मार्च 2026। खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स के अंतर्गत छत्तीसगढ़ एक ऐतिहासिक मेजबान के रूप में उभरकर सामने आया है। आदिवासी खिलाड़ियों को समर्पित इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी करने वाला राज्य देश का पहला राज्य बन गया है, जो खेलों के माध्यम से आदिवासी सशक्तिकरण को नई दिशा दे रहा है।
बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं 30 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित की जाएंगी। इसी क्रम में केरल राज्य की एथलेटिक्स टीम आज जगदलपुर पहुंची, जहां रेलवे स्टेशन पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
17 सदस्यीय यह दल किरंदुल पैसेंजर ट्रेन के माध्यम से पहुंचा। खिलाड़ियों के स्वागत में स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत कर बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक दिखाई। विशेष रूप से गौर नृत्य समूह के कलाकारों ने ढोल की थाप पर पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक प्रस्तुति दी, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया।
आगामी चार दिवसीय इस राष्ट्रीय खेल आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। देशभर से खिलाड़ी लगातार जगदलपुर पहुंच रहे हैं, जिससे खेल
महाकुंभ का स्वरूप और भी भव्य होता जा रहा है।
खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रतियोगिता के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। यह आयोजन न केवल देश की खेल प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करेगा, बल्कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



