
मनेंद्रगढ़ नगरपालिका में एसीबी की बड़ी कार्रवाई सीएमओ और अकाउंटेंट 33 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
मनेंद्रगढ़। नगरपालिका क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कर नगरपालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) और अकाउंटेंट को 33 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों द्वारा एक ठेकेदार से निर्माण कार्यों के बिल पास कराने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। मामला रिटेनिंग वॉल और सड़क निर्माण से जुड़े बिलों का बताया जा रहा है, जिसमें भुगतान के लिए घूस मांगी गई थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले की जांच कर रणनीति बनाई और जैसे ही आरोपी अधिकारियों ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए अंबिकापुर ले जाया गया है। इस घटना के बाद नगरपालिका कार्यालय में हड़कंप मच गया है और अन्य संबंधित मामलों की भी जांच की जा रही है।



