धान खरीदी में ₹50 हजार की धोखाधड़ी: फरार आरोपी संतोष गेण्डरे गिरफ्तार
बलौदाबाजार/पलारी | 19 मार्च 2026/धान खरीदी में धोखाधड़ी के एक मामले में थाना पलारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने भाई के साथ मिलकर धान खरीदी केंद्र में फर्जीवाड़ा कर शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संजय कुमार वर्मा, निवासी इंदिरा कॉलोनी बलौदाबाजार एवं शाखा प्रबंधक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा कोदवा ने 23 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि धान खरीदी केंद्र खरतोरा की जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में पाया गया कि प्रभारी समिति प्रबंधक ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने बड़े भाई संतोष कुमार गेण्डरे के नाम पर 21 जनवरी 2026 को टोकन जारी किया। इसके बाद बिना धान लाए ही 53 कट्टा (21.20 क्विंटल) सरना धान की फर्जी तौल पर्ची तैयार कर ऑनलाइन एंट्री और भुगतान कर दिया गया। इस पूरे फर्जीवाड़े से शासन को ₹50,200 की क्षति हुई।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना पलारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी संतोष कुमार गेण्डरे फरार चल रहा था।
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई के साथ मिलकर धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी संतोष कुमार गेण्डरे (उम्र 56 वर्ष), निवासी ग्राम खैरा थाना पलारी, वर्तमान निवासी सुनीता पार्क तेलीबांधा रायपुर को 18 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।



