
माकड़ी में बिहान द्वारा विकासखण्ड स्तरीय रोजगार मेले का किया गया आयोजन, सभी विकासखण्डों में रोजगार मेलों का किया जा रहा आयोजन
कोण्डागांव 11 मार्च 2022 l गुरूवार को विकासखण्ड माकड़ी मुख्यालय में जिला पंचायत कोण्डागांव के तत्वाधान में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जहां 13 नियोक्ताओं द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती हेतु युवाओं को आमंत्रित किया गया था। जिसमें जनपद सीईओ शंकरलाल सिन्हा के मार्गदर्शन में कमाण्डो सिक्यूरिटी सर्विसेज, दंतेश्वरी बजाज शोरूम, फ्यूजन माईक्रो फाइनेंश, मौली जॉब कंसल्टेंट, छोटा मार्ट, अर्चना समाज सेवी संस्था, दंतेश्वरी होण्डा, अविनाश इंटरप्राईजेस, सुशीला माइनिंग, किसान मिनरल प्रालि, लैलेर्गो मार्कोस, सत्या वेन्चर, क्सूस कॉर्पोरेशन प्रालि द्वारा विभिन्न पदों पर आवेदन लिये गये। जहां योग्यतानुरूप साक्षात्कारों के बाद चयन किया जायेगा। इस मेले में कुल 215 युवाओं ने विभिन्न नियोक्ताओं के पास विभिन्न पदों हेतु आवेदन किये। इस प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन सभी विकासखण्ड मुख्यालयों में किया जा रहा है। जिसके तहत् 11 मार्च को फरसगांव सामुदायिक भवन, 12 मार्च को टाउन हॉल एनसीसी ग्राउण्ड कोण्डागांव, 14 मार्च को जनपद पंचायत केशकाल एवं 15 मार्च को मिनी स्टेडियम बड़ेराजपुर में प्रातः 10.30 से 4.00 बजे तक मेलों का आयोजन किया जायेगा।

इस रोजगार मेले में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष मोती बाई नेताम, उपाध्यक्ष गौतम साहू, सरपंच हेमलाल वट्टी, जिला पंचायत कोण्डागांव से डीपीएमएम बिहान विनय सिंह एवं डीपीएम सलाम एवं जिला आजीविका कॉलेज परियोजना अधिकारी पुनेश्वर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि राम कुमार कश्यप, राजीव सेन, आकाश महाजन, शंकर मंडावी, लखु पोयाम एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।


