
मंत्री श्री लखमा ने की विभिन्न विभागों में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा, कोरोना से बचाव हेतु शासन की गाईड लाईन का करें पालन-आबकारी मंत्री श्री कवासी लखमा
नारायणपुर 12 जनवरी 2022 l प्रभारी मंत्री श्री कवासी लखमा ने आज अपने नारायणपुर प्रवास के दौरान कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक में कहा कि कोरोना वायरस से बचने के लिए सभी राज्य शासन द्वारा जारी गाईड लाइन का पालन करें, सभी अधिक से अधिक जांच कराए, वैक्सीनेशन लगाए तभी कोरोना से बचा जा सकता है। बैठक में उन्होंने कोविड अस्पताल में बेड की संख्या, आक्सीजन प्लांट, वेंटिलेटर की जानकारी ली। उन्होंने कोरोना के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए अस्पताल और कोविड केयर सेंटर में सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। जिले में वैक्सीनेशन कि धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की तथा अधिक से अधिक वैक्सीनेशन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के वैक्सीनेशन पर जोर देने के निर्देश दिए। इस मौके पर सांसद श्री दीपक बैज, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री चंदन कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती श्यामबती नेताम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनाथ उसेण्डी, अबूझमाड़ विकास अभिकरण अध्यक्ष श्रीमती कमली लेकाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मांझी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री प्रमोद नेलवाल, जनपद पंचायत नारायणपुर अध्यक्ष श्री पंडीराम वड्डे, जनपद पंचायत ओरछा अध्यक्ष श्रीमती मालती नुरेटी के अलावा कलेक्टर श्री धर्मेश कुमार साहू, पुलिस अधीक्षक श्री गिरजा शंकर जायसवाल, वन मंडलाधिकारी श्री शशिदानंदन के, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री पोषण चंद्राकर के अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

बैठक के दौरान मंत्री श्री लखमा ने धान खरीदी की समीक्षा करते हुए मौसम में बार-बार आ रहे बदलाव को देखते हुए खरीदे गए धान की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश की स्थिति में धान की सुरक्षा के लिए तिरपाल तथा पानी की निकासी के लिए ड्रेनेज की व्यवस्था सुनिश्चित रखने के साथ ही धान के उठाव में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने धान खरीदी को सुचारू रखने के लिए भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों के उत्थानों के लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं तथा इनका लाभ किसानों को मिलना चाहिए।
प्रभारी मंत्री श्री लखमा ने जिले में विद्युत बिल के संबंध में मिल रही शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने इन शिकायतों के निराकरण के लिए सीईओ जिला पंचायत की अध्यक्षता में समिति गठित करने कहा। यह समिति प्राप्त शिकायतों का 10 दिनों में निराकरण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी। प्रभारी मंत्री ने इसके साथ ही नरवा, गरुआ, घुरवा बाड़ी सहित मनरेगा संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। नरवा कार्यक्रम के तहत किए गए कार्यों का अवलोकन जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराने तथा वर्मी कम्पोस्ट के उत्पादन बढ़ाने की दिशा में भी कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे तेजी से बढ़ रही मांग के अनुसार आपूर्ति की जा सके। उन्होंने जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के लिए पूरी गति के साथ कार्य करने के साथ ही गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। जहां कार्य की गति धीमी है, वहां तेजी लाने के लिए सभी प्रयास किए जाएं। मंत्री ने आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सुपोषण योजना के तहत जिले में संचालित स्वसहायता समूहों के माध्यम आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने इसके साथ ही समीक्षा बैठक में जल संसाधन, शिक्षा, आदिम जाति कल्याण विभाग, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, नगर पालिका परिषद, सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सांसद श्री दीपक बैज ने कोरोना पर नियंत्रण के साथ-साथ विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने पर जोर दिया।



