
शासकीय भूमियों को अतिक्रमण से बचाने कलेक्टर ने तहसीलदारों को दिये निर्देश, मावा कोंडानार एप में प्राप्त शिकायतों का हो त्वरित निराकरण – कलेक्टर
कोण्डागॉव 31 मार्च 2022 l बुधवार को कलेक्टर के सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा बैठक में कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा द्वारा विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गयी। इस अवसर पर कलेक्टर ने शासकीय भूमियों पर अतिक्रमण की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी शासकीय भूमियों की वास्तविक स्थिति की जांच कर सभी शासकीय भूमियों को संरक्षित करने तथा नगरों एवं तहसील मुख्यालयों में अतिक्रमण को तुरंत हटाने के निर्देश दिये। इस पर कार्यवाही न होने पर कलेक्टर ने तहसीलदारों के विरूद्ध कार्यवाही की चेतावनी दी।
इसके अतिरिक्त उन्होंने हाट बाजार क्लिनिकों के संचालन, रोका छेका अभियान, सुराजी ग्राम योजना, ग्रामीण औद्योगिक पार्कों की स्थापना, गोठानों के उन्नयन, वनाधिकार पट्टों एवं शहरी स्लम पट्टों के वितरण, धान के उठाव, हॉस्पिटल एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण, जल जीवन मिशन की प्रगति, सड़क निर्माण की स्थिति आदि मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। जिसमें उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों, अस्पतालों एवं स्कूलों में पेय जल की आवश्यता पर जोर देते हुए उन्हें प्राथमिकता के तौर पर जल्द से जल्द पूर्ण करने तथा जर्जर हो चुके भवनों की जल्द मरम्मत करवाने को कहा।
इस दौरान उन्होंने मावा कोंडानार एप पर प्राप्त हो रहे आवेदनों के निराकरण की गति बढ़ाते हुए निराकृत आवेदनों के निराकरण उपरांत इनकी समय समय पर जांच हेतु एसडीएम तथा अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रेमप्रकाश शर्मा, संयुक्त कलेक्टर पवन प्रेमी सहित सभी एसडीएम एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



