रायपुर 03अप्रैल20121 । बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत पोयाम ने अपनी प्रतिक्रिया ब्यक्त करते हुए कहा की छत्तीसगढ़ में कोरोना महामारी से जनता त्रस्त है। अस्पतालों में वेंटिलेटर उपलब्ध नहीं है। कोरोना मरीजों को वेंटिलेटर नहीं मिल पा रहा है। अस्पतालों से रोज कई लाशें निकल रहीं हैं। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री स्वयं सरकार से कई बार कह चुके हैं कि लाॅकडाऊन लगाने के बारे में सोचा जाय। ऐसी विकट परिस्थितियों में जब प्रदेश में कोरोना महामारी सरकार के नियंत्रण से बाहर होती जा रही है, ऐसे समय में प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक संवेदनशील मुखिया होने का परिचय देते हुए प्रदेश की जनता के स्वास्थ्य के बारे में सोचना छोड़कर स्वयं सीएम,और कांग्रेस पार्टी के अन्य नेता, मंत्री, विधायक गण प्रदेश की जनता को मरने के लिए छोडकर विधानसभा के हो रहे चुनावों में प्रचार करने के लिए चले गये हैं। यहां पर कलेक्टरों के भरोसे प्रदेश को छोड़कर सीएम साहब स्वयं बेफिक्र होकर चुनाव प्रचार में मस्त हैं।उन्होंने आगे कहा की कांग्रेस पार्टी ने चुनावी वादे में पूर्ण शराबबंदी का वादा किया लेकिन आज कोरोना के बहाने स्कूलों को बंद करके शराबखाने को खुलवाके धारा 144 का खुलेआम उल्लंघन करवा रही है, जहाँ एक तरफ स्कूल, कालेज बंद पड़े हैं, वहीं शराबखानों पर उमड़ती भारी भीड़ बहुत बड़े खतरे को आमंत्रित कर रही है। सरकार का इस पर कोई नियंत्रण नहीं है। सरकार को कोरोना प्रोटोकॉल के पालन के नाम पर गरीब, मजदूरों पर अत्याचार नहीं करना चाहिए, क्योंकि सरकारी पुलिस प्रशासन कोरोना रोकथाम के नाम पर गरीबों, मजदूरों को ही मारपीट करके प्रताड़ित करने का काम कर रही है।
सरकार को गरीबों की मजबूरी को समझकर संवेदनशीलता का परिचय देना चाहिए और कोरोना महामारी से निपटने और गरीब जनता की आर्थिक परेशानियों को दूर करने के लिए कोई बीच का रास्ता निकालना चाहिए।