रायपुर 28फरवरी 2021 – प्रदेश में अब 01 मार्च से आयुष्मान कार्ड (प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना) बनने जा रहे है। इस कार्ड को दिखाते ही राज्य के अनुबंधित सरकारी एवं प्राइवेट हॉस्पिटल में शतप्रतिशत निःशुल्क इलाज मिलेगा। 01 मार्च से 31 मार्च 2021 तक प्रदेश के चॉइस सेंटर में निःशुल्क कार्ड बनाये जायेंगे। 25 फरवरी 2021 को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना की राज्य नोडल एजेंसी ने इससे सम्बंधित गाइडलाइन सभी सीएमएचओ को जारी कर दिए है।
केंद्र सरकार के अभियान आपके द्वार आयुष्मान अंतर्गत कार्ड बनाने की प्रक्रिया 01 मार्च से शुरू हो रही है। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही सरकार ने राज्य में राशन कार्ड के जरिये निःशुल्क इलाज की घोषणा कर दी थी , जो अभी भी जारी है। मगर यह देखा गया कि कार्ड होने से लोग ज्यादा संतुष्ट होते है कि उन्हें जरुरत के वक्त सरकारी सहायता मिलेगी। पूर्व में स्मार्ट कार्ड की तर्ज पर आयुष्मान कार्ड बनने जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के आकड़ों के मुताबिक़ प्रदेश में लगभग 6549159 परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। केंद्र सरकार ने निर्देश दिए है कि इस अभियान के प्रचार प्रसार के लिए मुनादी करवाएं होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर, वाल लेखन और शिविरों का आयोजन करें। ताकी इस योजना का लाभ अधिक से अधिक परिवार उठा सके।
बीपीएल / BPL परिवारों को 5 लाख रु. तक निःशुल्क इलाज – आयुष्मान योजना के तहत बीपीएल कार्ड धारी परिवार वालों को केंद्र सरकार द्वारा आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रूपये तक निःशुल्क इलाज शासन से अनुबंधित शासकीय अस्पताल एवं गैर शासकीय अस्पतालों में उपलब्ध कराया जाता है।
एपीएल / APL परिवारों को 50 हजार तक निःशुल्क इलाज – आयुष्मान योजना के तहत एपीएल परिवारों राज्य सरकार द्वारा 50 हजार रूपये तक की निःशुल्क इलाज का लाभ दिया जाता है। एपीएल राशन कार्ड धारी परिवार भी 01 मार्च से आयुष्मान कार्ड चॉइस सेंटर पर जाकर बनवा सकते है।
ऐसे बनवाएं आयुष्मान कार्ड – बीपीएल एवं एपीएल परिवार चॉइस सेंटर जाकर आयुष्मान कार्ड बनवा सकते है। आयुष्मान कार्ड हेतु निम्न दस्तावेज की आवश्यकता होगी –
1. परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड।
2. राशन कार्ड एपीएल / बीपीएल की छाया प्रति।
3. आवेदन सबमिट होते ही कागज वाला आयुष्मान कार्ड मिलेगा।
4. कुछ दिन बाद सम्बंधित चॉइस सेंटर पर आयुष्मान कार्ड बन जाने की जानकारी भेजी जाएगी।
5. बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद प्लास्टिक के आयुष्मान कार्ड जारी होंगे।
टीप – अधिक जानकारी के लिए स्वास्थ्य विभाग से सम्बंधित अधिकारी, कर्मचारी से अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते है।