बिलासपुर 24 दिसंबर 2020। कोटा ब्लॉक के कांग्रेस अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कांग्रेस संगठन के ग्रामीण जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी पर भेदभाव पूर्ण व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। जिससे कांग्रेस संगठन की अंदरूनी कलह एक बार फिर सबके सामने आ गई है।
उनका कहना है कि ग्रामीण जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी कोटा ब्लॉक के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भेदभाव कर उनको अप्रत्यक्ष रूप से प्रताड़ित करते हैं। अधिकारियों से दबाव बनाकर क्षेत्र के कार्यकर्ताओ की गाडियो को जबरन पकड़वाते हैं, उन पर कार्यवाही करने को कहते है।
केशरवानी के इस भेदभावपूर्ण व्यवहार से क्षेत्र के कार्यकर्ता हतोत्साहित हो रहे है। संदीप शुक्ला ने कहा कि वे अपने साथियों के साथ समस्याओं को लेकर चर्चा करने आज कांग्रेस भवन आए हुए थे, लेकिन जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी नहीं मिले। कांग्रेस भवन का ताला बंद है। इसलिए वे सांकेतिक धरने पर बैठे हैं।
उन्होंने बताया कि दो साल पहले प्रभारी मंत्री ने स्कूलों में शाला विकास समिति गठित करने के लिए प्रस्ताव मंगाए थे। हमने जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी को 4 बार प्रस्ताव दे चुके हैं, लेकिन फिर भी अब तक उन्होंने सूची जारी नहीं किया है। यही एक मौका रहता है कार्यकर्ताओं को खुश रखने का लेकिन जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी की उदासीनता से कार्यकर्ताओं में बेहद नाराजगी देगा जा रहा है।